Connect with us

वाराणसी

आम से लदे ट्रक की चपेट में आए पिता-पुत्र, पिता की मौत; बेटा गंभीर

Published

on

Loading...
Loading...

तीन घंटे जाम रहा बनारस-लखनऊ हाईवे, चालक फरार; सड़क पर फैली मिट्टी की भी होगी जांच

वाराणसी।शिवपुर थाना क्षेत्र के सुद्धिपुर मोड़ के पास सोमवार सुबह आम से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बनारस-लखनऊ हाईवे पर करीब तीन घंटे तक चक्काजाम किया।

शहर जा रहे थे पिता-पुत्र, पीछे से आया ट्रक

जानकारी के अनुसार, तरना के हटिया गांव निवासी छेदी प्रजापति उर्फ भूरेलाल (65) अपने बेटे काशीराम उर्फ शोले के साथ ठेले पर पुरुवा लेकर शहर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रिंग रोड से सुद्धिपुर मार्ग पर पीछे से आए आम से लदे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में छेदी प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।

सड़क पर फैली मिट्टी से बिगड़ा संतुलन, जांच शुरू

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटनास्थल पर सड़क पर निर्माण कार्य के कारण मिट्टी फैली हुई थी। आशंका है कि इसी वजह से ट्रक का संतुलन बिगड़ा और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। पुलिस सड़क पर मिट्टी फैलाने वाले की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Advertisement

मुआवजे की मांग को लेकर हाईवे जाम

घटना के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, चालक की गिरफ्तारी तथा सड़क पर मिट्टी डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

अधिकारियों के आश्वासन पर खुला जाम

सूचना मिलते ही एसडीएम सदर, एडीएम सिटी, एडीसीपी वरुणा जोन, एसीपी सारनाथ और शिवपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों को उचित मुआवजा, घायल के बेहतर उपचार और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब तीन घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।

फरार चालक की तलाश, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में शामिल प्रतापगढ़ पंजीकृत डीसीएम का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। वाहन नंबर के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है तथा अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Advertisement

स्थानीय लोगों ने उठाई सुरक्षा की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि सुद्धिपुर मोड़ पर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क पर निर्माण सामग्री पड़े रहने के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं। उन्होंने यहां स्पीड ब्रेकर, स्थायी पुलिस पिकेट और अतिक्रमण हटाने की मांग की है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page