जौनपुर
आकाशीय बिजली गिरने से ऑटो चालक की मौत
खेत में मेड़ बांधते समय हुआ हादसा, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
जंघई (जौनपुर)। जंघई क्षेत्र के कसेरवा गांव में मंगलवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक ऑटो चालक की दर्दनाक मौत हो गई। खेत में मेड़ बांधने गए नंदलाल गिरी की मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
खेत में काम करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब आठ बजे तेज बारिश के बीच नंदलाल गिरी अपने खेत में मेड़ बांधने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उनके ऊपर गिर गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
परिवार का एकमात्र कमाने वाला था मृतक
नंदलाल गिरी ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी बबिता देवी, दो बेटियां, एक बेटा तथा वृद्ध मां सुनीता देवी हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर आर्थिक और मानसिक संकट गहरा गया है।
मौके पर पहुंचा प्रशासन
घटना की सूचना मिलते ही मीरगंज थाना पुलिस, हल्का लेखपाल और नायब तहसीलदार शुभम मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रशासन ने नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
