वाराणसी
अमित बनकर आफताब ने रचाई शादी, युवती पर मतांतरण का दबाव, प्रताड़ना के आरोप
वाराणसी। रसूलपुर-हरहुआ (बड़ागांव) निवासी आफताब अंसारी द्वारा अमित बनकर एक युवती से विवाह करने और बाद में उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था, लेकिन वह कोतवाली से चकमा देकर फरार हो गया।
पीड़िता के अनुसार, अप्रैल 2024 में एक शादी समारोह में काम के दौरान उसकी मुलाकात आफताब से हुई, जहां उसने अपना नाम अमित बताया। उसने काम दिलाने का भरोसा देकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं। बाद में कैंट क्षेत्र के एक होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने विवाह का आश्वासन दिया और 25 मार्च 2025 को चौकाघाट स्थित काली मंदिर में परिवार की मौजूदगी में शादी हुई।
विवाह के बाद आरोपी युवती को अपने घर न ले जाकर लहरतारा की नई बस्ती में किराए के कमरे में रखने लगा। इसी दौरान उसके रहन-सहन से युवती को उसके मुस्लिम होने की जानकारी हुई। इस पर आरोपी ने उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी के परिजनों नबी रसूल, गंगाजलि और मिट्ठू अंसारी ने भी उसके साथ दुर्व्यवहार किया और उसे बंधक बनाकर प्रताड़ित किया। साथ ही जबरन शारीरिक शोषण किए जाने का भी आरोप है। युवती ने यह भी बताया कि आरोपी और उसका भाई गरीब लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाकर बाहर ले जाकर बेचने का काम करते हैं।
प्रताड़ना बढ़ने पर पीड़िता किसी तरह भागकर अपने मायके पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने आफताब उर्फ अमित, उसके पिता नबी रसूल, गंगाजलि और मिट्ठू अंसारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की। हालांकि गिरफ्तारी के बाद आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
एसीपी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
