वाराणसी
BHU : कर्मचारियों को महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी के साथ मिलेगा एरियर
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय में कार्यरत 10 हजार से अधिक कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने वित्त मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप महंगाई भत्ते (डीए) में वृद्धि को मंजूरी दे दी है।
कुलपति की स्वीकृति के बाद इस संबंध में शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर दी गई, जिसकी जानकारी सभी संस्थानों, संकायों, विभागों, कार्यालयों और इकाइयों के प्रमुखों को भेज दी गई है।संयुक्त कुलसचिव (लेखा) प्रथम द्वारा जारी पत्र के मुताबिक बढ़ी हुई दरों का लाभ कर्मचारियों को अप्रैल माह के नियमित वेतन में जोड़ा जाएगा।
इसके साथ ही जनवरी, फरवरी और मार्च माह का बकाया एरियर भी अप्रैल के वेतन के साथ ही भुगतान किया जाएगा।इस निर्णय के तहत सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के अंतर्गत महंगाई भत्ता 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दिया गया है, जबकि छठे वेतन आयोग के तहत यह दर 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत कर दी गई है। यह संशोधन एक जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा।
विश्वविद्यालय के इस फैसले से शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक दोनों वर्गों के कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि होगी, जिससे उन्हें बढ़ती महंगाई के बीच आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
