Connect with us

गोरखपुर

अधूरी सड़क पर बने डिवाइडर के विरोध में व्यापारियों का प्रदर्शन

Published

on

Loading...
Loading...

उड़ती धूल, खुले नाले और दुर्घटना के खतरे से नाराज दुकानदारों ने जताया आक्रोश

गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला कस्बे में निर्माणाधीन सड़क पर अधूरे कार्य के बीच बनाए गए डिवाइडर को लेकर शनिवार को व्यापारियों और स्थानीय दुकानदारों का गुस्सा फूट पड़ा। सड़क निर्माण में बरती जा रही लापरवाही, सुरक्षा मानकों की अनदेखी तथा उड़ती धूल से परेशान व्यापारियों ने प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

व्यापारियों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य अभी पूरा भी नहीं हुआ है, लेकिन बीच सड़क में डिवाइडर बना दिए गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। अधूरी सड़क, गिट्टी और निर्माण सामग्री के चलते वाहन चालक असंतुलित हो रहे हैं, वहीं राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन कर रहे दुकानदारों ने बताया कि सड़क के दोनों किनारों पर खुले नाले छोड़ दिए गए हैं, जिनमें आए दिन छोटे बच्चे गिरकर चोटिल हो रहे हैं। वहीं निर्माण कार्य के दौरान लगातार उड़ रही धूल से दुकानदारों और राहगीरों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है।

व्यापारियों ने कहा कि धूल के कारण दुकानों का सामान भी खराब हो रहा है और कारोबार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की कि सड़क निर्माण कार्य को मानक के अनुरूप शीघ्र पूरा कराया जाए, खुले नालों को ढंका जाए तथा डिवाइडर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।

प्रदर्शन में प्रमुख रूप से अनिल कुमार मौर्य, चंनकेश प्रसाद, गौतम चंद्रिका मौर्य, नंदलाल मोदनवाल, संत मोदनवाल, राजनाथ मौर्य, सूरज सोनकर, अशोक शर्मा, अरुण जायसवाल, मोतीलाल मौर्य, ब्रह्मदेव गुप्ता, बलराम मौर्य, सूरज जायसवाल, सूरज मोबाइल सेंटर, विनोद वर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page