दुर्घटना
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार घायल
वाराणसी। जिले के कछवांरोड के ठठरा क्षेत्र में बीती रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा तमाचाबाद स्थित एक ढाबे के सामने हाईवे पर हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
बताया गया कि बाइक सवार प्रयागराज की ओर से आ रहा था, तभी पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कछवांरोड चौकी प्रभारी गणेश पटेल और एसआई रामचंद्र यादव मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने घायल को एम्बुलेंस की सहायता से मिर्जापुर जिले के कछवां थाना स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। घायल की हालत गंभीर देखते हुए उसे आगे के इलाज के लिए वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
चौकी प्रभारी गणेश पटेल ने बताया कि घायल बाइक सवार की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। बाइक के नंबर के आधार पर उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को पुलिस चौकी पर सुरक्षित रखवा लिया गया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
