बलिया
अघोषित बिजली कटौती से फेफना क्षेत्र बेहाल, ट्रिपिंग ने बढ़ाई परेशानी
भीषण गर्मी में रातभर जागने को मजबूर लोग, वोल्टेज उतार-चढ़ाव से जल रहे घरेलू उपकरण
फेफना (बलिया)। ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भीषण गर्मी और उमस के बीच फेफना क्षेत्र के दर्जनों गांवों में शाम होते ही बिजली की आंख-मिचौली शुरू हो जाती है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि शाम के समय बिजली बार-बार आती-जाती रहती है। कई बार तो 10-10 सेकेंड के अंतराल पर बिजली कटने और आने का सिलसिला जारी रहता है। लगातार हो रहे वोल्टेज उतार-चढ़ाव के कारण घरों में लगे पंखे, कूलर, फ्रिज, टीवी और वाशिंग मशीन जैसे महंगे उपकरण खराब हो रहे हैं।
लोगों के अनुसार भीषण गर्मी में सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। बिजली संकट के कारण कई परिवारों को रातभर जागकर गुजारनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एक ओर विद्युत विभाग और सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर बिजली आपूर्ति के दावे कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत इससे अलग है। उन्होंने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि शाम के समय निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए।
इस संबंध में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता और एसडीओ से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों अधिकारियों के सरकारी सीयूजी नंबर बंद मिले, जिसके कारण विभाग का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।
