वाराणसी
Varanasi Airport : खराब मौसम के चलते तीन उड़ानें डायवर्ट, यात्रियों को उठानी पड़ी परेशानी
वाराणसी। बुधवार दोपहर बाद अचानक मौसम बिगड़ने से लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आने वाली तीन उड़ानों को अन्य हवाई अड्डों की ओर मोड़ना पड़ा, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। हवाईअड्डा प्रशासन के अनुसार पुणे से वाराणसी आ रही स्पाइसजेट की उड़ान एसजी 186 को लखनऊ की ओर डायवर्ट किया गया।
इसी क्रम में दिल्ली से वाराणसी के लिए संचालित एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 2623 वाराणसी के हवाई क्षेत्र में पहुंचने के बावजूद खराब मौसम के कारण उतर नहीं सकी। एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने उसे लैंडिंग की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद विमान को रांची हवाई अड्डे के लिए भेज दिया गया।
वहीं मुंबई से वाराणसी आ रही अकासा एयरलाइंस की उड़ान क्यूपी 1427 भी वाराणसी हवाई क्षेत्र में पहुंच चुकी थी, लेकिन मौसम की प्रतिकूल स्थिति के चलते इसे भी उतरने की अनुमति नहीं मिल सकी और विमान को लखनऊ की ओर मोड़ दिया गया।
उड़ानों के डायवर्जन के कारण वाराणसी एयरपोर्ट से आगे की यात्रा करने वाले यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। साथ ही इन उड़ानों से आने वाले यात्रियों के परिजन भी हवाई अड्डे पर देर तक प्रतीक्षा करते रहे। शाम करीब 7:30 बजे तक डायवर्ट की गई उड़ानें वाराणसी एयरपोर्ट पर वापस नहीं पहुंची थीं।
