गाजीपुर
सड़क हादसों के बावजूद मचान वाली पिकअप से यात्रा कर रहे श्रद्धालु, प्रशासन बेखबर
गाजीपुर (नंदगंज)। प्रयागराज महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए यात्रा लगातार जानलेवा साबित हो रही है। सड़क हादसों में कई श्रद्धालु अपनी जान गंवा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद लोग पैसे बचाने के लिए असुरक्षित साधनों से सफर करने से पीछे नहीं हट रहे हैं। हाल ही में गाजीपुर के नंदगंज थाना क्षेत्र के रेवसा पेट्रोल पंप के पास एक दर्दनाक हादसे में सात लोगों की मौत हो गई थी और एक दर्जन से अधिक घायल हो गए थे, जब एक मचान बनी पिकअप का ढाला टूटने से श्रद्धालु सड़क पर गिर गए और पीछे से आ रहे ट्रेलर ने उन्हें कुचल दिया।

इस भीषण हादसे के बाद प्रशासन ने सख्ती बरतने और ऐसे असुरक्षित वाहनों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया था। लेकिन इसके बावजूद लापरवाही जारी है। शुक्रवार को नंदगंज बाजार में एक बार फिर ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब मचान बनी पिकअप पुलिस थाने के सामने से होकर गुजरी, लेकिन किसी पुलिसकर्मी ने ध्यान नहीं दिया। चोचकपुर तिराहे पर लोगों ने जब इसे देखा तो उन्होंने चिंता जताई कि यात्री कुछ पैसे बचाने के लिए अपनी जान को जोखिम में डाल रहे हैं, और प्रशासन इसे रोकने में नाकाम साबित हो रहा है।
इतनी बड़ी दुर्घटनाओं के बावजूद, इस पिकअप को रास्ते में कहीं भी रोका नहीं गया, जिससे साफ होता है कि यातायात नियमों और सुरक्षा को लेकर प्रशासन की लापरवाही अब भी जारी है। अगर जल्द ही इस पर कड़ा कदम नहीं उठाया गया तो आगे और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।
