गाजीपुर
छात्रों को तनाव मुक्त रखने के लिए शिक्षाविदों ने दिये एग्जाम टिप्स
गाजीपुर। बोर्ड परीक्षाओं के दौरान अक्सर छात्रों में तनाव बढ़ जाता है, जिससे उनकी पढ़ाई और परीक्षा प्रदर्शन प्रभावित होता है। तनावग्रस्त छात्रों में चिड़चिड़ापन, एकाग्रता की कमी और अनियमित खान-पान जैसी समस्याएं देखने को मिलती हैं। परीक्षा के दौरान छात्रों को तनाव मुक्त रखने के लिए जिले के प्रमुख शिक्षाविदों और अधिकारियों ने अपने विचार साझा किए।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सादात की प्रधानाचार्या मंजू प्रकाश का कहना है कि छात्रों को परीक्षा के दौरान तनावमुक्त रहना चाहिए, क्योंकि तनाव में वे विषयों को ठीक से समझ नहीं पाते और परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते। उन्होंने सुझाव दिया कि छात्रों को समय सारणी बनाकर पढ़ाई करनी चाहिए, पढ़े हुए विषयों को दोहराना चाहिए और पूरी नींद लेनी चाहिए। इसके अलावा, माता-पिता और बड़ों की सलाह से उनका मानसिक तनाव कम होगा।
समता इंटर कॉलेज, सादात के प्रधानाचार्य राजेश यादव ने कहा कि परीक्षा के दौरान अभिभावकों की भूमिका अहम होती है। परीक्षा के बोझ से बचने के लिए छात्रों को टाइम टेबल के अनुसार पढ़ाई करनी चाहिए, संतुलित आहार लेना चाहिए और पूरी नींद लेनी चाहिए। इससे उनका दिमाग शांत रहेगा और पढ़ा हुआ अधिक समय तक याद रहेगा।
राजकीय हाई स्कूल, कटरिया के प्रधानाचार्य सुधीर कुमार विश्वास ने परीक्षा के डर को दूर करने के लिए योगासन, गहरी सांस लेने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हरी सब्जियां, नारियल पानी और केला जैसे पोषक आहार तनाव को कम करने में मदद करते हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद, वाराणसी के पूर्व उप सचिव डॉ. राम अवतार यादव ने बताया कि परीक्षा तनाव के कारण अनिद्रा, सिरदर्द, थकान, पेट खराब और हाई ब्लड प्रेशर जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने छात्रों को सुझाव दिया कि वे योग करें, पर्याप्त नींद लें, पौष्टिक आहार लें और पढ़ाई के बीच-बीच में ब्रेक लें। इससे तनाव दूर होगा और परीक्षा परिणाम बेहतर होंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि छात्र सही दिनचर्या और मानसिक संतुलन बनाए रखें, तो वे न केवल परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ा सकते हैं।
