गाजीपुर
जिलाधिकारी संग पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की सुनी समस्याएं, निस्तारण के निर्देश
गाजीपुर (जयदेश)। द्वितीय शनिवार को आयोजित थाना दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने थाना नंदगंज में उपस्थित फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिलाधिकारी ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निस्तारण शीघ्रता से किया जाए। थाना बिरनो में आयोजित थाना दिवस के दौरान कुल छह फरियादियों ने अपनी शिकायतें लिखित रूप से प्रस्तुत कीं, जिनमें से चार का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

थाना दिवस के उपरांत जिलाधिकारी ने सभी लेखपालों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के लिए फील्ड रजिस्टर तैयार करें। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त सभी आवेदन, चाहे वे नए हों या लंबित, पुलिस विभाग के साथ समन्वय कर फील्ड रजिस्टर में दर्ज किए जाएं और उनका तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिस गांव से शिकायत आती है, वहां संबंधित अधिकारी, लेखपाल और पुलिस विभाग की टीम के साथ मिलकर मौके पर निस्तारण करेंगे। किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सैदपुर, थाना प्रभारी, लेखपाल और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
