वाराणसी
भीषण ठंड में अलाव की व्यवस्था न होने से बढ़ी लोगों की परेशानी
पिंडरा (वाराणसी)। भीषण ठंड और शीतलहर से लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। लोगों की परेशानियों के बीच पशु-पक्षी भी बेहाल हैं। ग्रामीण इलाकों में ठंडी के कारण शाम ढलते ही दुकानें और बाजार बंद हो जा रहे हैं, लेकिन इस सर्दी में भी अलाव की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
गौरतलब है कि दिसंबर महीने का पूरा महीना बीत चुका है लेकिन तापमान लगातार गिरावट के साथ ठंड बढ़ती जा रही है। पिंडरा तहसील क्षेत्र में कहीं भी अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी है।
सार्वजनिक स्थानों पर जैसे फुलपुर, खालिसपुर, मंगारी, पिंडरा बैंक, बस स्टैंड और हनुमान मंदिर में अब तक अलाव नहीं जल रहे हैं। इससे बाजार में आने-जाने वाले राहगीरों और स्थानीय लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय समाजसेवी राहुल सोनी और व्यापारी शिवकुमार गुप्ता ने प्रशासन से अलाव की व्यवस्था करने की मांग की है ताकि लोगों को ठंड से राहत मिल सके। प्रशासन से यह उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।
