गाजीपुर
जखनियां के सिद्ध मठ का होगा जीर्णोद्धार
विधायक बेदी राम ने विधानसभा में उठाया मुद्दा
भुड़कुड़ा (गाजीपुर)। जखनियां क्षेत्र के ऐतिहासिक सिद्ध मठ के जीर्णोद्धार के प्रयास तेज हो गए हैं। जखनियां के विधायक बेदी राम ने इस मठ को पर्यटक स्थल घोषित करने का मुद्दा विधानसभा में प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि यह मठ लगभग 500 वर्ष पुराना है और संत भीखा, गुलाल सहित अन्य संतों के चमत्कारिक प्रसंगों और न्याय के प्रतीक के रूप में जाना जाता है।
इंसाफ का प्रतीक सिद्ध मठ
मठ के बारे में कहा जाता है कि यह स्थान आज भी झूठ और सच का न्याय करता है। झूठी कसम खाने वालों का यहां फैसला होता है, और इसी वजह से लोग यहां दर्शन और न्याय की आस लेकर आते हैं।
पर्यटक स्थल बनाने की पहल
मठ को पर्यटक स्थल घोषित करने के लिए लखनऊ से आए सर्वे अभियंता संदीप कुमार ने विधायक बेदी राम, सुभासपा के वरिष्ठ नेता संजय दुबे और क्षेत्रीय लोगों के साथ मिलकर गहन सर्वेक्षण किया। सर्वे टीम ने मठ के सरोवर, मुख्य द्वार, लाइटिंग और अन्य विकास कार्यों के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विचार किया।
विधायक बेदी राम ने कहा कि यह मठ क्षेत्र की ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर है, लेकिन अब तक इसके विकास की अनदेखी होती रही है। जीर्णोद्धार के बाद यह न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सर्वे कार्य पूरा होने से ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है।
सर्वे के दौरान अरविंद कुमार, पीयूष कुमार, शंभू यादव, सुभाष राजभर, विश्वनाथ राजभर, मनीष राव, तेज बहादुर सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
