वाराणसी
संयुक्त पुलिस आयुक्त डॉ. के. एजिलरसन ने किया बड़ागांव थाने का वार्षिक निरीक्षण
संयुक्त पुलिस आयुक्त ने दिए रात्रि गश्त और सुरक्षा को मजबूत करने के निर्देश
संयुक्त पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी डॉ. के. एजिलरसन ने थाना बड़ागांव का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने सलामी गार्द में तैनात पुलिसकर्मियों का निरीक्षण करने के साथ ही थाना परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई, शस्त्रों की देखभाल और लावारिस वाहनों के निस्तारण को लेकर निर्देश दिए।

थाना कार्यालय के निरीक्षण में रजिस्टरों और रिकार्डों को अद्यतन रखने पर जोर दिया।महिला हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मियों को प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की निगरानी और फीडबैक लेने के लिए कहा गया।

आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों के भौतिक सत्यापन के साथ गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर विशेष ध्यान देने की बात कही। बंदीगृह, मालखाना, भोजनालय और आरक्षी आवास का भी निरीक्षण किया गया।
रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए पुलिसकर्मियों को ठंड और कोहरे के कारण संभावित अपराधों के प्रति सतर्क रहने को कहा गया। ग्राम चौकीदारों को टॉर्च और कंबल वितरित कर उनका मनोबल बढ़ाया गया। अंत में पर्यावरण संरक्षण के लिए थाना परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त आकाश कुमार पटेल, सहायक पुलिस आयुक्त प्रतीक कुमार चौहान, और अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
