गाजीपुर
निर्भय नारायण सिंह के पुनः स्थानांतरण पर विद्युतकर्मियों ने किया जोरदार स्वागत

गाजीपुर। गैर-जनपद स्थानांतरण के कई महीनों बाद विद्युत विभाग के वरिष्ठ कर्मचारी नेता निर्भय नारायण सिंह के पुनः गाजीपुर स्थानांतरण पर विद्युत कर्मचारियों ने खुशी जाहिर की है। बुधवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय में ज्वाइन करने पहुंचे निर्भय नारायण सिंह का विद्युत मजदूर पंचायत के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया।
इस दौरान अपने हरदिल अजीज नेता को देखकर कर्मचारी उत्साहित नजर आए।निर्भय नारायण सिंह ने अपने स्वागत से गदगद होकर कहा कि विद्युत कर्मचारियों के हक और सम्मान के लिए वह सदैव तत्पर रहेंगे और संघर्ष किसी भी स्तर पर जारी रहेगा।
इस अवसर पर विद्युत मजदूर पंचायत के संरक्षक शिव दर्शन सिंह मामा ने कहा कि निर्भय नारायण सिंह के गाजीपुर स्थानांतरण से जिले के कर्मचारियों में नई ऊर्जा देखी जा रही है। विद्युत मजदूर पंचायत के हर संघर्ष में उनकी मौजूदगी से बल मिलेगा।
ज्ञात हो कि करीब 1 वर्ष पूर्व निर्भय नारायण सिंह को देवरिया जनपद स्थानांतरित कर दिया गया था, जिसके बाद उनका स्थानांतरण वाराणसी मुख्य अभियंता कार्यालय में हुआ था। अब उनकी पुनः गाजीपुर में तैनाती हुई है।
लालदरवाजा स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय में निर्भय नारायण सिंह का स्वागत करने का सिलसिला घंटों जारी रहा। इस अवसर पर निर्भय नारायण सिंह ने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे विद्युत व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने और राजस्व वसूली में पूरी तन्मयता से योगदान दें ताकि संगठन के माध्यम से उनके संबंध में चल रही समस्याओं का समाधान करने में मदद मिल सके।