वाराणसी
भारतीयता और सनातन में सबको जोड़ने की ताकत – सीएम योगी
वाराणसी (चौबेपुर)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि हर काम देश के नाम होना चाहिए। देश सुरक्षित है तो धर्म भी सुरक्षित है और धर्म सुरक्षित है तो हम भी सुरक्षित हैं। हर कार्य व्यक्ति, समाज, मत-मजहब के दायरे से ऊपर उठकर भारत की वैदिक-आध्यात्मिक परंपरा और सनातन धर्म के मूल्यों के अनुरूप होना चाहिए।

योगी आदित्यनाथ वाराणसी के स्वर्वेद महामंदिर धाम में आयोजित विहंगम योग संत समाज के शताब्दी समारोह में शामिल हुए। यहां 25,000 कुंडीय स्वर्वेद ज्ञान महायज्ञ का आयोजन किया गया था। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की व्यवस्थित व्यवस्था की सराहना की।उन्होंने कहा कि सद्गुरु सदाफल देव महाराज ने 1924 में विहंगम योग संत समाज की स्थापना की थी।

यह समाज भारत की योग परंपरा और आध्यात्मिक धारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सद्गुरु की परंपरा का आज भी पालन हो रहा है और उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज राष्ट्रधर्म के लिए समर्पित है।

सीएम ने कहा कि सच्चा योगी और संत हाथ पर हाथ रखकर नहीं बैठ सकता। सद्गुरु सदाफल देव महाराज ने अपनी आध्यात्मिक साधना के साथ स्वतंत्रता संग्राम में भी योगदान दिया। आज उनके अनुयायी इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
सीएम योगी ने यह भी कहा कि 2014 के बाद से काशी की कनेक्टिविटी में 100 गुना सुधार हुआ है। काशी विश्वनाथ धाम, नमो घाट, नए हेलिपेड और विकसित जलमार्गों ने काशी को एक वैश्विक तीर्थ स्थल बना दिया है।
स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य विकास के क्षेत्रों में काशी चमक रही है।उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि योग को वैश्विक मंच पर ले जाने का श्रेय पीएम मोदी को जाता है।
21 जून को विश्व योग दिवस के रूप में स्थापित करने के साथ ही प्रयागराज के कुंभ और अयोध्या के श्रीराम मंदिर जैसे परियोजनाओं में उनका मार्गदर्शन अद्वितीय है।कार्यक्रम में आचार्य स्वतंत्र देव जी महाराज, संत प्रवर विज्ञान देव जी महाराज और कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।
