Connect with us

अपराध

महिला से लाखों की ठगी में सात साल बाद दर्ज हुआ मुकदमा

Published

on

Loading...
Loading...

जफराबाद (जौनपुर)। जमीन में निवेश करने और उसके एवज में चार पहिया वाहन दिलवाने का झांसा देकर एक महिला से सात लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सात साल बाद जफराबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

लल्लापुर निवासी अंजलि तिवारी पत्नी कमलेश तिवारी ने शुक्रवार को पुलिस को तहरीर दी, जिसमें आरोप लगाया कि उनके दूर के रिश्तेदार रविकांत मिश्रा उर्फ विपुल, जो कि वाराणसी जिले के सिंधोरा क्षेत्र के दीनदासनगर गांव का निवासी है और जमीन का कारोबार करता है। उसने 10 अगस्त 2017 को उन्हें एक जमीन में निवेश करने के लिए कहा। रविकांत ने पहले तीन लाख रुपये निवेश करने के नाम पर लिए और कुछ दिनों बाद उस जमीन में चार लाख रुपये और निवेश कराए। इस बार उसने उन्हें यह लालच दिया कि इस निवेश के बदले चार पहिया वाहन भी मिलेगा।

आरोप के अनुसार, रविकांत ने अंजलि को झांसे में लेकर कुल सात लाख रुपये हड़प लिए। जब महिला को यह एहसास हुआ कि न तो उसे जमीन मिली और न ही चार पहिया वाहन, तो उसने आरोपी से संपर्क करना शुरू किया। लेकिन आरोपी ने उसके पैसे वापस नहीं किए और गाड़ी भी नहीं दी। वर्षों तक महिला आरोपी से पैसे और गाड़ी की मांग करती रही, लेकिन कोई हल नहीं निकला।

अंजलि ने बाद में दीवानी कचहरी से लीगल नोटिस भेजा। इसके बाद आरोपी ने अपनी रिश्तेदारों के साथ महिला के घर जाकर गाली-गलौज की और धमकी दी। इसके बाद शुक्रवार को अंजलि ने परिजनों के साथ जफराबाद थाने पहुंचकर तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। वहीं इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक जेपी यादव ने बताया कि आरोप के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page