अपराध
एसडीएम का सीयूजी मोबाइल चोरी, मुकदमा दर्ज
शिवपुर (वाराणसी)। सदर उप जिलाधिकारी कार्यालय से सरकारी सीयूजी मोबाइल चोरी होने की घटना सामने आई है। चोरी की यह वारदात उस वक्त हुई, जब एसडीएम फरियादियों की शिकायतें सुनने में व्यस्त थे।
शुक्रवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच दो महिलाएं मुंह बांधकर एसडीएम कार्यालय में पहुंचीं। उस समय एसडीएम अपने सरकारी मोबाइल से किसी से बात कर रहे थे। बातचीत समाप्त करने के बाद उन्होंने मोबाइल मेज पर रख दिया। इस बीच, एक महिला ने अपना प्रार्थना पत्र मोबाइल के ऊपर रख दिया और एसडीएम से चर्चा करने लगी। बातचीत के दौरान महिला ने मौका पाकर प्रार्थना पत्र के साथ मोबाइल भी उठा लिया और कार्यालय से चली गई।
कोर्ट का काम खत्म होने के बाद, जब एसडीएम ने किसी से बात करने के लिए अपना मोबाइल ढूंढा तो वह नहीं मिला। कार्यालय में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर पता चला कि पीड़िता बनकर आई महिला ने मोबाइल चुरा लिया था।
घटना की सूचना पर एसडीएम ने शिवपुर थाने में तहरीर देकर चोरी का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान करने में जुटी है। इस घटना ने सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
