Connect with us

अपराध

महिला और किशोरी का शव मिलने से हड़कंप, हत्या की आशंका

Published

on

Loading...
Loading...

जौनपुर जिले के दो थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को महिला और किशोरी के शव बरामद हुए। ये घटनाएं तेजीबाजार और मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र की हैं। एक मामले में महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला है। परिजनों ने सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

तेजीबाजार मामला: जंगल में मिला महिला का शव

बरईपार गांव में 40 वर्षीय सुभद्रा, पत्नी इंद्रसेन निषाद, बृहस्पतिवार की शाम लकड़ी काटने जंगल गई थी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए। रात में पुलिस को सूचना दी गई। जंगल में खून के निशान और सूखी लकड़ी के ढेर के पास खोजबीन के बाद शुक्रवार सुबह सरपत के झुरमुट में महिला का शव मिला। शव अर्धनग्न अवस्था में था और सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया था।

थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि शक के आधार पर मृतका के ससुर रामजीत निषाद सहित कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की हर बिंदु पर जांच की जा रही है।

मछलीशहर मामला: तालाब में मिली किशोरी की लाश

Advertisement

मछलीशहर के मुस्तफाबाद बाजार के पास स्थित तालाब में किशोरी का शव बरामद हुआ। परिजनों ने गांव के तीन युवकों और एक महिला पर हत्या कर शव तालाब में फेंकने का आरोप लगाया है।

किशोरी के पिता ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि 20 नवंबर को उनकी बेटी की गुमशुदगी दर्ज हुई थी। इसके बाद पुलिस ने गांव के तीन युवकों को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद छोड़ दिया। शुक्रवार को किशोरी का शव मिला।

पिता की शिकायत पर रेहान, मन्नान, फिरदौस और रूखसार के खिलाफ हत्या और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित परिवार ने आईजी वाराणसी मोहित गुप्ता से मुलाकात कर पुलिस की लापरवाही की शिकायत की। आईजी ने पुलिस अधीक्षक को जांच कर दोषी कर्मियों पर कार्रवाई का निर्देश दिया है। पुलिस दोनों मामलों में हर पहलू की जांच कर रही है। साथ ही दोषी पाए गए पुलिस कर्मियों और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page