अपराध
प्यार में पागल मां ने दो बच्चों को उतारा मौत के घाट
आशिक की औलाद को छोड़ा जिंदा
नोएडा के खेड़ा धर्मपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने पति के डर से और अपने आशिक से प्यार की दीवानगी के चलते अपने छह वर्षीय बेटी और चार वर्षीय बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला सोनम (24) को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी सोनम ने हापुड़ निवासी साहिल नाम के युवक से परिवार की मर्जी के खिलाफ भागकर प्रेम विवाह किया था। इस शादी के बाद सोनम का अपने मायके से संबंध खत्म हो गया। शादी के कुछ समय बाद सोनम और साहिल के बीच विवाद रहने लगा। इस दौरान उनके दो बच्चे, बिट्टो (6) और गोलू (4) हुए। साल 2021 में साहिल पर हत्या का मामला दर्ज हुआ और उसे जेल जाना पड़ा। इस दौरान सोनम ने अकेले रहने के बजाय खेड़ा धर्मपुर गांव के सोनू के साथ लिव-इन में रहना शुरू कर दिया। सोनू से सोनम को एक बेटा नकुल हुआ।
जेल से छूटने के बाद बढ़ा डर
हाल ही में जेल से छूटे साहिल ने सोनम से संपर्क साधा, जिसके बाद सोनम को डर सताने लगा कि साहिल कहीं उसे और उसके बच्चों को नुकसान न पहुंचा दे। इस डर ने उसे इतना विचलित कर दिया कि उसने अपने दो बच्चों की जान ले ली। लेकिन अपने आशिक के बेटे को जिंदा छोड़ दिया।
घटना का खौफनाक सच
पुलिस जांच में पता चला कि घटना वाले दिन सोनम ने अपने दोनों बच्चों बिट्टो और गोलू को बहाने से सुला दिया। जब सोनू घर पर नहीं था तब उसने दोनों बच्चों की गला दबाकर हत्या कर दी। महिला की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने बताया कि सोनम ने अपराध कबूल कर लिया है।
सूत्रों के अनुसार, महिला अपने दोनों बच्चों की हत्या करने के बाद खुद आत्महत्या करने वाली थी। वहीं, इस घटना का दूसरा पहलू यह भी सामने आ रहा है कि अपने आशिक के साथ रहने के लिए उसने अपने दोनों बच्चों की जान ले ली। क्योंकि दोनों बच्चे उसकी जिंदगी में रुकावट बन रहे थे।
