अपराध
तीसरी शादी करने से पहले बेटों ने पिता को उतारा मौत के घाट
हमले के बाद दोनों बेटों ने श्यामलाल की अधमरी हालत में ही उन्हें जलाने की कोशिश की, लेकिन शव पूरी तरह नहीं जल सका
वाराणसी के भिखारीपुर इलाके के प्रॉपर्टी डीलर श्यामलाल यादव की हत्या उनके ही बेटों ने कर दी। घटना का कारण श्यामलाल की तीसरी शादी की तैयारी और प्रॉपर्टी बेचने का विवाद बताया जा रहा है।
श्यामलाल यादव ने दो शादियां की थीं और उनकी दोनों पत्नियां अलग-अलग रहती थीं। पहली पत्नी अमरावती देवी से उनका बड़ा बेटा राजन है। दूसरी पत्नी सुरसती देवी से उन्हें एक बेटा दीनानाथ और बेटी साधना हुई। सुरसती देवी के निधन के बाद श्यामलाल ने बेटों और बेटी को प्रॉपर्टी से बेदखल कर दिया और एक नई महिला के साथ लिव-इन में रहने लगे। वह उसी महिला से तीसरी शादी करने की तैयारी कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, श्यामलाल ने अपनी प्रॉपर्टी का कुछ हिस्सा पहले ही बेच दिया था और आगे और जमीन बेचने वाले थे। इस पर उनके दोनों बेटे नाराज थे। राजन और दीनानाथ ने पिता को समझाने की कोशिश की, लेकिन श्यामलाल नहीं माने। नाराज बेटों ने हत्या की योजना बनाई। 21 नवंबर की रात उन्होंने श्यामलाल को कचनार बीआरसी के पास बुलाया और उन पर बेसबॉल बैट से हमला कर दिया। प्राइवेट पार्ट समेत पूरे शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए गए।
हमले के बाद दोनों बेटों ने श्यामलाल की अधमरी हालत में ही उन्हें जलाने की कोशिश की, लेकिन शव पूरी तरह नहीं जल सका। कुछ राहगीरों ने घायल अवस्था में उन्हें देखा और अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम में श्यामलाल के शरीर पर 17 गहरे घाव पाए गए। सिर, गर्दन और प्राइवेट पार्ट पर गंभीर चोटें थीं। शरीर पर जलने के निशान भी मिले।
घटना के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। राजन को पहली पत्नी के घर और दीनानाथ को खेतों से पकड़ा गया। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल बेसबॉल बैट और अधजले कपड़े भी बरामद हुए। पुलिस की पूछताछ में दोनों बेटों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि पिता की तीसरी शादी और जमीन बेचने के फैसले ने उन्हें यह कदम उठाने पर मजबूर किया।
