वाराणसी
बाइक की नंबर प्लेट पर कपड़ा बांधकर चोरी करने वाले चार चोर गिरफ्तार
रामनगर में बाइक की नंबर प्लेट पर कपड़ा बांधकर मोबाइल छीनने वाले गिरोह के तीन बदमाश एक किशोर और एक दुकानदार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की जाने वाली बाइक और लूटे गए आठ मोबाइल बरामद हुए हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र के शिवम मिश्रा, साहिल कुमार और प्रियांशु कुमार शामिल हैं। लूटे गए मोबाइल खरीदने वाले दुकानदार की पहचान अलीनगर के परशुरामपुर निवासी अनिकेत के रूप में हुई है।
एसीपी कोतवाली डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि घटना की जानकारी समाचार पत्र विक्रेता राजू ने पुलिस को दी थी। उन्होंने बताया कि रामनगर क्षेत्र में एक बाइक सवार ने उनका मोबाइल छीन लिया।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों को 52 बीघा मैदान से पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहचान से बचने के लिए बाइक की नंबर प्लेट पर कपड़ा बांधकर चलते थे और मौका मिलते ही मोबाइल छीन लेते थे।
इसके अलावा बड़ागांव क्षेत्र में पुलिस ने बाइक और मोबाइल चोरी के एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान जौनपुर के मड़ियाहूं निवासी सोनू के रूप में हुई जो पहले से ही चोरी के एक मामले में वांछित था।
