अपराध
जमीनी विवाद में सेवानिवृत्त सिपाही की हत्या
आजमगढ़ जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र के जमीन हरखोरी गांव में 65 वर्षीय नरसिंह यादव की जमीनी विवाद में हत्या कर दी गई। नरसिंह यादव जो कि पांच साल पहले यूपी पुलिस से सिपाही के पद से सेवानिवृत्त हुए थे का लंबे समय से पड़ोसी सुधीर यादव और मोनू यादव से नाली को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार को नरसिंह यादव ने अपने घर के पास की नाली की सफाई की जिससे कचरे का पानी पड़ोसी की जमीन पर बहने लगा।

इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई लेकिन मामला शांत हो गया था। देर रात विपक्षियों ने बरामदे में सो रहे नरसिंह यादव के बेटे गोलू को खींचकर बाहर लाकर मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर नरसिंह यादव अपने बेटे को बचाने पहुंचे तभी विपक्षियों ने उन पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में नरसिंह यादव और उनके बेटे गोलू गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान नरसिंह यादव की मौत हो गई।मौत की सूचना मिलते ही पुलिस और सीओ सगड़ी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं लेकिन इस घटना से खुशियां मातम में बदल गईं।
