अपराध
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से अधेड़ की मौत, प्रेमी-प्रेमिका घायल
बाइक सवार ने रुकने की बजाय और तेजी से बाइक दौड़ा दी
बदायूं। बिसौली तहसील के हर्रायपुर गांव के रहने वाले रंजीत और उसकी प्रेमिका नीतू का सोमवार शाम को भागने का प्रयास एक बड़े हादसे में बदल गया। तेज रफ्तार बाइक से चन्दौसी की ओर जाते समय रास्ते में अचानक एक अधेड़ व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद बाइक सवार ने रुकने की बजाय और तेजी से बाइक दौड़ा दी। अधेड़ बाइक के मडगार्ड में फंस गए और करीब डेढ़ सौ मीटर तक घसीटे जाते रहे लेकिन अंततः खाई में जाकर बाइक पलट गई। हादसे में अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रंजीत और नीतू गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब करीब 50 वर्षीय एक अधेड़ व्यक्ति अपनी अल्टो कार से कहीं जा रहे थे और रास्ते में एक मंदिर पर पानी पीने के लिए रुके थे। जैसे ही उन्होंने पानी पीकर अपनी गाड़ी की ओर कदम बढ़ाया, उसी समय तेजी से आती बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि अधेड़ बाइक के आगे वाले मडगार्ड पर लटक गए। बावजूद इसके बाइक सवार रंजीत ने बाइक नहीं रोकी और करीब डेढ़ सौ मीटर तक घसीटता हुआ उन्हें ले गया।

राहगीरों के अनुसार, रफ्तार की वजह से बाइक असंतुलित हो गई और तीनों खाई में जा गिरे। घटना स्थल पर ही अधेड़ की मौत हो गई, जबकि रंजीत और नीतू को गंभीर चोटें आईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अधेड़ की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन उनकी कार का नंबर बरेली का यूपी 25-9002 बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों में चर्चा है कि रंजीत और नीतू का प्रेम प्रसंग काफी समय से चल रहा था और सोमवार को दोनों घर छोड़कर भागने की योजना बना रहे थे। शायद इसी कारण रंजीत घबराया हुआ था और तेज रफ्तार में बाइक चला रहा था।
