Connect with us

अपराध

छः दिन बाद भी नहीं हो सकी युवक की शिनाख्त, पोस्टमार्टम के बाद किया गया अंतिम संस्कार

Published

on

Loading...
Loading...

मिर्जामुराद में गला रेतकर की गई युवक की हत्या का मामला

वाराणसी (मिर्जामुराद)। भिखीपुर (प्रतापपुर) के पास भुवालपुर माइनर नहर के किनारे मिले अज्ञात युवक के शव का छठे दिन शुक्रवार को पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार किया गया। लगभग 24 वर्षीय इस युवक की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई थी पर अब तक न उसकी शिनाख्त हो सकी है और न ही हत्यारे पकड़े जा सके हैं।

युवक का शव मोर्चरी में रखा गया था जहां शुक्रवार को खजूरी चौकी इंचार्ज अनिकेत श्रीवास्तव, सब-इंस्पेक्टर कौशल किशोर समेत कई पुलिसकर्मियों की उपस्थिति में उसका अंतिम संस्कार किया गया और विसरा सुरक्षित रख लिया गया। पुलिस को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है जिसके आधार पर आगे की जांच की दिशा तय की जाएगी।

इस मामले में पुलिस ने प्रयागराज, जौनपुर, भदोही, मिर्जापुर, और चंदौली समेत कई जिलों में गुमशुदा युवकों की सूची का मिलान किया पर कोई भी विवरण मृतक से मेल नहीं खा सका। डीसीपी गोमती जोन के आदेश पर 6 पुलिस टीमें, सर्विलांस और क्राइम ब्रांच की टीमें भी जांच में जुटी हैं। घटनास्थल से बरामद चार चाबियों के गुच्छे और शराब की खाली बोतलें अहम सुराग मानी जा रही थीं पर अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है।

एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए पर उसमें भी कोई संदिग्ध दिखाई नहीं दिया। युवक काले रंग की जीन्स और ऑरेंज टी-शर्ट पहने हुए था और हल्की दाढ़ी रखे हुए था। अब शिनाख्त न हो पाने के कारण जांच में लगातार चुनौतियां बढ़ रही हैं।

Advertisement

पिछले शनिवार को भुवालपुर माइनर नहर के पास युवक की लाश मिलने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी। मिर्जामुराद थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बिना फॉरेंसिक टीम या डॉग स्क्वॉड की मदद के शव को जल्दबाजी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था जिसके बाद घटनास्थल को बैरिकेडिंग कर उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई। एडीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल और फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर घटनास्थल से खून का सैंपल लिया लेकिन 6 दिन बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page