अपराध
अमरोहा में बच्चों से भरे स्कूल बस पर ताबड़तोड़ फायरिंग, मची चीख-पुकार
यूपी के अमरोहा जिले में शुक्रवार को भाजपा नेता के स्वामित्व वाले स्कूल की मिनी बस पर तीन बाइक सवार बदमाशों ने अचानक फायरिंग कर दी, जिससे बस में बैठे बच्चों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार बदमाशों ने स्कूल की बस को घेरते हुए उस पर कई गोलियां चलाईं। बच्चों की चीख-पुकार के बीच बस चालक ने अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को तेज रफ्तार से थाने की ओर दौड़ा दिया। फायरिंग के दौरान बच्चों में डर और दहशत का माहौल रहा।
फायरिंग के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फायरिंग के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और बदमाशों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाते हुए इस घटना को गंभीरता से लिया है।

इस घटना से पूरे जिले में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाएगा और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बस ड्राइवर था निशाना
बस ड्राइवर तीन दिन पहले ही एक सड़क हादसे का शिकार हो गया था। इसके बाद उसका विवाद भी हो गया था। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं लोगों ने पीछा कर बस ड्राइवर पर हमला किया। पुलिस इस मामले में ड्राइवर से पूछताछ कर रही है।
आशंका जताई जा रही है कि हमलावर बस ड्राइवर को ही निशाना बनाना चाहते थे। बस में जो दोनों गोलियां लगी हैं, वह ड्राइवर के पास वाले गेट पर ही लगी हैं। इसके अलावा हमलावरों ने ईंट-पत्थर भी उसी पर मारे थे। हालांकि, बच्चों की बस पर हुए हमले से अभिवावक भी चिंतित हैं।
