अपराध
फतेहगढ़ जेल भेजे जायेंगे पूर्व सांसद अतुल राय
वाराणसी। घोसी (मऊ) से पूर्व सांसद अतुल राय को वाराणसी केंद्रीय कारागार से फतेहगढ़ जेल भेजने का आदेश जारी किया गया है। प्रशासनिक कारणों से शासन के निर्देश पर यह स्थानांतरण किया जा रहा है। पूर्व सांसद को शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच फतेहगढ़ जेल ले जाया जाएगा।
गौरतलब है कि वर्ष 2011 में वाराणसी के कैंट थाने में सिपाही पर हमला कर एक बदमाश को पेशी से भगाने के मामले में अतुल राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी जिसमें वह जमानत पर थे।
पिछले 27 मई को अतुल राय ने वाराणसी अदालत में उपस्थित होकर अपनी जमानत समाप्त करवाने और जेल भेजने की अपील की थी। खुद की जान को खतरा बताते हुए उन्होंने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था। जिसके बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय कारागार भेज दिया गया। तब से वह वाराणसी की जेल में बंद थे और अब उन्हें फतेहगढ़ स्थानांतरित किया जा रहा है।
