अपराध
पूर्व केंद्रीय मंत्री राजनारायण के पौत्र का मोबाईल छीन भागे बाइक सवार बदमाश
वाराणसी। जनपद के मिर्जामुराद क्षेत्र के रखौना गांव स्थित रिंग रोड पर गुरुवार शाम को बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक का मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। घटना के दौरान पीड़ित ने शोर मचाया लेकिन बदमाश तेज़ी से मिर्जामुराद की ओर भाग निकले।
जानकारी के अनुसार, पूर्व केंद्रीय मंत्री लोकबंधु राजनारायण के पौत्र नीरज कुमार सिंह, निवासी कल्लीपुर (मिर्जामुराद) अपनी बाइक से कचहरी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह रखौना गांव के पास रिंग रोड पर पहुंचे, सुनसान इलाका देखकर बाइक सवार बदमाशों ने नीरज के ऊपरी जेब में रखा एंड्रॉयड मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। घटना के दौरान नीरज अपनी बाइक से गिरते-गिरते बचे। उन्होंने खुद को संभालते हुए शोर मचाने की कोशिश की लेकिन बदमाश तेजी से आँखों से ओझल हो गए।
नीरज कुमार सिंह ने मिर्जामुराद थाने पहुँचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
