अपराध
बनारस के व्यवसायी से 95 लाख की धोखाधड़ी
वाराणसी के भेलूपुर थाने में एक धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शहर के अस्सी क्षेत्र के रहने वाले अरविंद कुमार त्रिपाठी ने मथुरा निवासी उधम सिंह के खिलाफ 95 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। अरविंद कुमार त्रिपाठी का आरोप है कि उन्होंने मथुरा स्थित बेनीवाल फिलिंग स्टेशन को खरीदने के लिए उधम सिंह को 95 लाख रुपये दिए थे। लेकिन सौदा फाइनल होने के बाद उधम सिंह ने पैसा वापस करने से इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी देने लगा।
क्या है पूरा मामला ?
अरविंद कुमार त्रिपाठी ने मथुरा में स्थित बेनीवाल फिलिंग स्टेशन को खरीदने के लिए उधम सिंह के साथ सौदा किया था। इस सौदे की कुल कीमत 1 करोड़ 9 लाख रुपये तय हुई थी। अरविंद ने उधम सिंह को अलग-अलग किश्तों में 95 लाख रुपये दिए थे। जब अरविंद ने बाकी बकाया पैसा लेकर जमीन का बैनामा करवाने की बात की तो उधम सिंह ने और पैसे मांगने शुरू कर दिए। जब अरविंद ने विरोध किया तो उधम सिंह ने जान से मारने की धमकी दे दी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पीड़ित अरविंद कुमार त्रिपाठी ने इस मामले की शिकायत एसीपी भेलूपुर धनंजय मिश्रा से की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उधम सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
