अपराध
कोडरमा में एक करोड़ से अधिक नगद और अफीम बरामद
कोडरमा के वृंदा गांव में पुलिस ने एक बड़े अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है। सुखदेव रजक नामक व्यक्ति के घर से एक करोड़ से अधिक रुपये की नकदी, अफीम और अन्य सामान बरामद किया गया है। सुखदेव रजक (40 वर्ष) ने पिछले कुछ सालों में करोड़ों की संपत्ति बना ली थी। सुखदेव हजारीबाग जिले के बरही में होटल चलाता था और अफीम के अवैध कारोबार से भी जुड़ा हुआ था।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात कोडरमा पुलिस ने सुखदेव रजक के घर पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को मौके से एक करोड़ सात लाख दस हजार आठ सौ बीस रुपये की नकदी, दो मोबाइल फोन, दो वाहन और 58 ग्राम अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने क्या कहा?
कोडरमा के एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि, पुलिस को सूचना मिली थी कि सुखदेव रजक के घर पर अवैध गतिविधियां चल रही हैं। इसी आधार पर पुलिस ने छापेमारी की और बड़ी मात्रा में नकदी और अफीम बरामद की।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने सुखदेव रजक के भाई रोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सुखदेव रजक फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। एसपी ने कहा कि इस बात की जांच की जा रही है कि बरामद रकम चुनाव से जुड़ी हुई है या नहीं।
