वाराणसी
बेटी का शव लेने से पिता ने किया इनकार, पुलिस को बताई वजह
मृत विवाहिता का पति भी लापता
रामनगर। लाल बहादुर चिकित्सालय में एक विवाहिता की मौत के बाद उसका शव लेने कोई सामने नहीं आया। विवाहिता ने करीब 10 साल पहले गैर बिरादरी के लड़के से प्रेम विवाह किया था, जिससे नाराज पिता ने शव लेने से मना कर दिया। वहीं, विवाहिता का पति भी घटना के बाद से लापता है। पुलिस ने शव को शिवपुर पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया और परिजनों के आने का इंतजार कर रही है।
16 अक्तूबर की सुबह रामनगर स्थित लाल बहादुर चिकित्सालय में पुलिस ने बेहोशी की हालत में 32 वर्षीय विवाहिता को भर्ती कराया था, जो डोमरी गांव में गणेश के घर के सामने मिली थी। विवाहिता के पिता, जो कबीरचौरा में रहते हैं, सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे और बेटी के प्रेम विवाह की जानकारी देकर चले गए।
डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देख बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया, जहां 18 अक्तूबर को उसकी मौत हो गई। पिता ने शव लेने से मना कर दिया, जबकि पुलिस ने 72 घंटे के इंतजार के बाद अंतिम संस्कार कराने की बात कही है।
