अपराध
मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक का अपहरण, मांगी 40 लाख की फिरौती
जौनपुर। जिले के सुरेरी थाना क्षेत्र के हनुमानगंज अड़ियार गांव में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक युवक का अपहरण हो गया है। अपहरणकर्ताओं ने परिजनों से 40 लाख रुपये की फिरौती की मांग की है और 24 घंटे के भीतर रकम न मिलने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी है। घटना के बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हनुमानगंज अड़ियार गांव के निवासी सूरज गुप्ता (25 वर्ष) शुक्रवार को सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे लेकिन काफी देर बाद भी वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और जब उन्हें कोई जानकारी नहीं मिली तो शनिवार की सुबह युवक के चाचा के मोबाइल पर सूरज के ही फोन से व्हाट्सएप मैसेज के जरिए फिरौती की मांग की गई। इसके साथ ही चार पहिया वाहन में बैठाए गए युवक की तस्वीर भी भेजी गई जिससे परिजन बेहद चिंतित हो गए।
युवक के पिता ने उसी दिन पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया और जांच में जुट गई। हालांकि 48 घंटे बीत जाने के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है।
रविवार को एसपी डॉक्टर अजय पाल शर्मा ने थाने का दौरा कर परिजनों और कुछ संदिग्धों से पूछताछ की। इसके बाद एएसपी ग्रामीण शैलेंद्र सिंह ने भी थाने पहुंचकर घटना से जुड़ी जानकारी ली। पुलिस की तीन टीमें लगातार युवक का पता लगाने में जुटी हैं लेकिन अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है।
