अपराध
पुलिस की पिटाई से भाजपा समर्थकों का हंगामा, बाजार बंद करने की दी चेतावनी
मेरठ के मवाना में गुड़ मंडी स्थित एक मंदिर को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। विवाद थाने तक पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस और झगड़ा हुआ। आरोप है कि पुलिस ने भाजपा जिला सह संयोजक सौरभ शर्मा और उनके साथियों के साथ मारपीट की।
इस घटना की जानकारी होते ही भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर आरोपियों और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो बाजार बंद किया जाएगा।
मामला तब शुरू हुआ जब व्यापार संगठन के अध्यक्ष विनोद गुप्ता ने भाजपा नेता और कुछ अन्य लोगों पर व्यापारियों से अवैध वसूली का आरोप लगाया था। वहीं, सौरभ शर्मा ने मंदिर का सामान चोरी करने का आरोप लगाते हुए दूसरे पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि पुलिस दूसरे पक्ष का समर्थन कर रही है, जबकि उनके साथ गलत व्यवहार किया गया।पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच विवाद न्यायालय में है, और मामले की जांच की जा रही है।
