अपराध
एयरपोर्ट अथॉरिटी का अधिकारी बन सेना के सेवानिवृत्त व्यक्ति से 26 लाख ठगे
वाराणसी के शिवपुर क्षेत्र में रहने वाले अंकित कुमार सिंह पर एक रिटायर्ड सैन्य कर्मी से 26.61 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। बिहार के आरा जिले के निवासी और हाल ही में सेना से सेवानिवृत्त चंदन कुमार सिंह ने शिवपुर थाने में धोखाधड़ी करने वाले आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है।
चंदन कुमार सिंह का कहना है कि सेवानिवृत्ति के बाद मिले पैसे से वे बिजनेस करना चाहते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात अंकित कुमार से हुई। अंकित ने खुद को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया का रीजनल मैनेजर और प्रॉपर्टी डीलर बताते हुए उन्हें जमीन में निवेश करने और बाबतपुर एयरपोर्ट की पार्किंग के टेंडर में भागीदारी का प्रस्ताव दिया। अच्छे मुनाफे का लालच देकर अंकित ने उनसे पहले जमीन की रजिस्ट्री के नाम पर 17.11 लाख रुपये लिए और फिर फर्जी वर्क ऑर्डर बनाकर पार्किंग टेंडर के लिए 9.50 लाख रुपये की मांग की।
कुछ समय बाद चंदन ने जब बाबतपुर एयरपोर्ट जाकर स्थिति का जायजा लिया तो पाया कि उनके नाम से पार्किंग टेंडर का कोई रिकॉर्ड ही नहीं था और जमीन की रजिस्ट्री भी फर्जी निकली। जब उन्होंने अपना पैसा वापस मांगा तो अंकित ने जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छानबीन में पता चला कि अंकित कुमार सिंह के खिलाफ पहले से ही अन्य धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं, जिनमें से एक की जांच सीबीआई कर रही है।
