अपराध
विद्यालय में मिला विवाहिता का शव, परिवार में कोहराम
सोनभद्र जिले के कोन थाना क्षेत्र के बागेसोती ग्राम पंचायत के सिंगा प्राथमिक विद्यालय परिसर में एक विवाहिता का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया गया। शव को सोलर वाटर पंप के सहारे फंदे पर देखकर स्थानीय ग्रामीणों में खलबली मच गई। बताया जा रहा है कि मृतका एक दिन पहले घास काटने के लिए घर से निकली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, करेईल गांव की रहने वाली कविता (20) नान्हक की पत्नी थी। बीते गुरुवार को घर से घास काटने के लिए रस्सी और हंसिया लेकर निकली थी, लेकिन उसके बाद से वह घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने देर रात तक खोजबीन की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
शुक्रवार की सुबह बागेसोती गांव के सिंगा टोला स्थित प्राथमिक विद्यालय के परिसर में सोलर वाटर पंप के पास फांसी के फंदे से लटकता हुआ शव देखा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कविता के रूप में की।
परिजनों ने कविता की पहचान की, जिसके बाद घर में मातम छा गया। मृतका के भाई, इंद्रजीत यादव ने बताया कि मई 2023 में कविता की शादी हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद की स्थिति बनी रहती थी। गुरुवार को भी दोनों के बीच मोटर चलाने को लेकर कहासुनी हुई थी जिसके बाद कविता घर से निकल गई थी। कविता का शव करीब 12 किलोमीटर दूर बागेसोती के विद्यालय परिसर में कैसे पहुंचा ? यह रहस्य बना हुआ है और इस पर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त है।
कोन थाना प्रभारी गोपाल जी. गुप्ता ने बताया कि पति से विवाद के बाद कविता घास काटने निकली थी और उसी के बाद उसका शव सिंगा गांव में मिला। इसी गांव में कविता के मामा और बुआ का घर है। पुलिस मामले की सभी संभावनाओं की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।
