अपराध
22 लाख की अवैध शराब के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
गाजीपुर में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त की है। यह कार्रवाई जंगीपुर थाना क्षेत्र के अरशदपुर तिराहे के पास की गई जहां टीम ने 22 लाख रुपये की अवैध शराब बरामद की।
इस दौरान चार शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जो अवैध शराब की इस खेप को कारों में लादकर बिहार ले जाने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने पांच वाहनों से 1182 बोतल हरियाणा में बनी अंग्रेजी शराब बरामद की। इसके अलावा मौके से दो फर्जी नंबर प्लेट और 315 बोर का एक देशी तमंचा भी बरामद किया गया।
एएसपी ज्ञानेन्द्र कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई चेकिंग के दौरान की गई थी। जिसमें गिरफ्तार आरोपियों में से दो बिहार और दो गाजीपुर के निवासी हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
