अपराध
नेपाली युवक ने फरसे से हमला कर पांच लोगों को किया घायल
वाराणसी। जिले के भेलूपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को नेपाल के रहने वाले युवक प्रकाश कुमार मांझी ने फरसे से हमला कर पांच लोगों को घायल कर दिया, जिससे क्षेत्र में तनाव फैल गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

हमले के बाद क्षेत्र में भारी संख्या में लोग जुट गए और नाराजगी जताई जिसके चलते पुलिस अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालना पड़ा। उन्होंने लोगों को शांत करते हुए उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेवड़ी तलाब क्षेत्र में आए दिन कुछ युवकों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है और एक विशेष समुदाय को निशाना बनाकर हमले किए जाते हैं। पुलिस से बार-बार शिकायतों के बावजूद कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया जिससे उनकी नाराजगी बढ़ती जा रही है।

डीसीपी काशी जोन, गौरव बंसवाल ने बताया कि आरोपी ने मिट्टी खोदने वाले फरसे से हमला किया जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और तीन को मामूली चोटें आई हैं। आरोपी से पूछताछ जारी है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।
