अपराध
बहराइच हत्याकांड : नेपाल सीमा पर पुलिस मुठभेड़ में दो अभियुक्त घायल
बहराइच में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान राम गोपाल मिश्रा पर गोली चलाने वाले आरोपी रिंकू उर्फ सरफराज खान और तालिब का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया है। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने बताया कि पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और एनकाउंटर के दौरान दो को गोली लगी है। हालांकि, अभी तक कैजुअल्टी की जानकारी नहीं दी गई है।
सरफराज मुख्य आरोपी अब्दुल हमीद का दूसरा बेटा है। घटना के एक दिन पहले सरफराज की गोली चलाते हुए एक तस्वीर भी सामने आई थी। जानकारी के अनुसार, सरफराज और तालिब नेपाल भागने की फिराक में थे लेकिन कोतवाली नानपारा क्षेत्र में हांडा बसेहरी नहर के पास पुलिस ने उन्हें घेर लिया।
इससे पहले मुख्य आरोपी अब्दुल हमीद की बेटी रुखसार ने एक बयान जारी कर एनकाउंटर की आशंका जताई थी। उन्होंने कहा था कि बुधवार शाम को उनके पिता, दो भाई सरफराज और फहीम, और एक अन्य युवक को यूपी एसटीएफ ने हिरासत में लिया था। रुखसार ने आरोप लगाया कि उनके परिवार के सदस्यों के बारे में किसी भी थाने से कोई जानकारी नहीं मिल रही है और उन्हें आशंका है कि एनकाउंटर के जरिए हत्या की जा सकती है।
