वायरल
यूपी में माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई करें : डीजीपी
लखनऊ। बहराइच में हुए बवाल के बाद डीजीपी प्रशांत कुमार ने प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में से गुजरने वाले किसी भी धार्मिक जुलूस पर विशेष सतर्कता बरती जाए। सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की जाए।
धार्मिक स्थलों के आसपास सुबह की गश्त और चेकिंग अनिवार्य रूप से कराई जाए।वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डीजीपी ने सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आने वाले त्योहारों को ध्यान में रखते हुए दंगा नियंत्रण योजना को अपडेट करने और मॉक ड्रिल कराने पर जोर दिया। इस योजना में संबंधित मजिस्ट्रेट को भी शामिल करने को कहा गया है, ताकि किसी आकस्मिक स्थिति में प्रभावी योजना लागू की जा सके। दंगा नियंत्रण उपकरणों की कार्यक्षमता की नियमित जांच करने और बिना इन उपकरणों के पुलिस कर्मियों की ड्यूटी न लगाने पर भी बल दिया गया।
डीजीपी ने निर्देश दिया कि सभी जिलों में संचार योजना तैयार की जाए, जिसमें राजस्व विभाग के कर्मचारियों, पार्षदों, वार्ड सदस्यों, ग्राम प्रधानों, ग्राम समितियों और चौकीदारों को शामिल किया जाए। इस योजना से इन सभी के बीच समन्वय बना रहेगा। साथ ही, पीस कमेटियों की बैठकें हर स्तर पर आयोजित की जाएं और डिजिटल वॉलंटियर्स तथा सिविल डिफेंस का सहयोग लिया जाए। जिलों की अभिसूचना इकाइयों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा सके।
