Connect with us

अपराध

वकील के फीस मांगने पर हुआ विवाद, महिला की मौत

Published

on

Loading...
Loading...

बेटा बोला- वकील केस छोड़ने की दे रहा था धमकी

वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात वकील और वादी के बीच विवाद हो गया। यह विवाद तब शुरू हुआ जब एक वकील मुकदमे की फीस मांगने के लिए वादी के घर पहुंचे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और बाद में वादी पक्ष वकील के घर पहुंच गया जिससे मामला और गंभीर हो गया।

दोनों पक्षों के बीच बढ़ते विवाद के बीच महिलाएं भी शामिल हो गईं। इसी दौरान एक महिला को धक्का लगने के कारण वह सड़क पर गिर पड़ी और घायल हो गई। कुछ देर बाद संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। मृत महिला के बेटे ने आरोप लगाया कि उसकी मां को वकील ने धक्का दिया था, जिससे वह गिरकर घायल हो गई थीं। इसके बाद उसने इस मामले में वकील के खिलाफ पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

जानकरी के अनुसार, रामजानकी बाग मोहल्ला निवासी कैलाश पाल एक ट्राली चालक हैं। उनका एक मामला कोर्ट में चल रहा है। कैलाश के अधिवक्ता शैलेंद्र गोस्वामी उनके घर पहुंचे और बकाया फीस न चुकाने पर केस छोड़ने की चेतावनी दी। वकील के रवैये से नाराज कैलाश अपनी मां सुशीला और मामी के साथ वकील के घर पहुंचे। वहां दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई होने लगी।

इस झगड़े के दौरान कैलाश की मां सुशीला गिर गईं और बाद में उनकी तबियत बिगड़ने लगी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Advertisement

कैलाश ने आरोप लगाया कि वकील ने उनकी मां को धक्का दिया था, जिससे उनकी मौत हुई। उन्होंने यह भी बताया कि वह पहले ही 50 हजार रुपए फीस के तौर पर चुका चुके थे, लेकिन वकील और 50 हजार रुपए की मांग कर रहे थे।

घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त शिकायत के आधार पर की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page