अपराध
आधार अपडेट के बहाने 3.09 लाख रुपये की ठगी
थानागद्दी (जौनपुर)। केराकत कोतवाली के अंतर्गत शिवरामपुर खुर्द गांव के एक युवक को व्हाट्सएप पर आधार कार्ड अपडेट करने का झांसा देकर जालसाजों ने 3.09 लाख रुपये की ठगी की। घटना के करीब दो महीने बाद पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
पीड़ित हरिशंकर सिंह ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि 18 अगस्त को उनके बेटे विवेक सिंह के व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से आधार कार्ड अपडेट करने का मैसेज आया था, जिसमें एक लिंक दिया गया था। लिंक पर क्लिक करते ही विवेक सिंह के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की बेहड़ा शाखा के खाते से 3.09 लाख रुपये कटने का मैसेज आ गया।
शिकायत के बाद बैंक शाखा प्रबंधक ने जांच कर बताया कि यह राशि महाराष्ट्र के रत्नागिरी निवासी बसंत पंचांगे के खाते में ट्रांसफर हुई है। इसके बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में सूचना दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सीओ केराकत अजीत ने बताया कि पीड़ित ने घटना के दो महीने पहले एनसीआरपी पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी जिसकी रिपोर्ट अब थाने में आई है और मामले की जांच जारी है।
