पूर्वांचल
लेखपाल संघ ने थाना प्रभारी पर खनन माफिया को बचाने का लगाया आरोप, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
सकलडीहा (चंदौली)। मंगलवार को लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने एसडीएम अनुपम मिश्रा को ज्ञापन सौंपा, जिसमें बलुआ थाना प्रभारी पर खनन माफिया का समर्थन करने का आरोप लगाया गया। उन्होंने कहा कि खनन माफिया ने एक लेखपाल के साथ दुर्व्यवहार किया, जिसकी शिकायत थानाध्यक्ष से की गई, लेकिन अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।
लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष बिनय कुमार सिंह ने बताया कि 1 अक्तूबर को चहनिया क्षेत्र के डेरवा खुर्द गांव में अवैध खनन की सूचना मिलने पर एसडीएम ने क्षेत्रीय लेखपाल सतीश सिंह को मौके पर जांच के लिए भेजा।
सतीश सिंह के मौके पर पहुंचते ही जेसीबी संचालक ने उनके साथ दुर्व्यवहार और गाली-गलौज शुरू कर दी। कुछ स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद सतीश सिंह वहां से सुरक्षित निकलकर एसडीएम को सूचना दी और उनके निर्देश पर बलुआ थाने में मामला दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पांच दिन बीतने के बाद भी कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इससे लेखपालों में नाराजगी है।
बिनय कुमार सिंह ने चेतावनी दी कि यदि मामला दर्ज नहीं हुआ तो लेखपाल संघ कार्य बहिष्कार करेगा और पुलिस के किसी भी कार्य में सहयोग नहीं करेगा। इस अवसर पर सतीश सिंह, बीरेंद्र कौशल समेत कई लेखपाल मौजूद थे।
