वायरल
पुणे में हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, तीन की मौत
महाराष्ट्र के पुणे के बावधन बुद्रुक इलाके में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा एक पहाड़ी क्षेत्र में सुबह सात बजे के आसपास हुआ। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और आपदा राहत टीमें राहत कार्य में जुट गईं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे का कारण कोहरा बताया जा रहा है। हालांकि इस मामले में अंतिम पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पिंपरी चिंचवाड़ के एक पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि पुणे जिले में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में तीन लोगों की मौत की संभावना है और वे अधिक जानकारी की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
पुलिस और राहत दलों ने बताया कि खराब मौसम के कारण यह हादसा हुआ। सुबह के समय घना कोहरा और खराब मौसम ने पायलट के लिए वास्तविक परिस्थितियों का अनुमान लगाना मुश्किल बना दिया जिसके परिणामस्वरूप हेलीकॉप्टर पहाड़ियों के बीच एक खाई में गिर गया।
