अपराध
चाकू की नोक पर महिला से छेड़खानी, मुकदमा दर्ज

वाराणसी के शिवपुर थाने पर महिला ने छेड़खानी का मामला दर्ज कराया है। महिला ने अपने घर राजगीर मिस्त्री का काम कर चुके व्यक्ति पर चाकू की नोक पर छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। महिला के आरोप के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। महिला के साथ छेड़खानी तब हुई जब वह अपनी बुआ के घर जिउतिया का प्रसाद देने जा रही थी।
थाना प्रभारी शिवपुर ने बताया, एक महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि 26 सितंबर की शाम जब वह नवलपुरा में अपनी बुआ के घर जिउतिया का प्रसाद देने जा रही थी। तभी शिवकुमार नामक व्यक्ति ने उसे रास्ते में नटिनियादाई मंदिर के पास रोक लिया। उसने महिला को गंदी-गंदी गालियां दीं और चाकू निकालकर धमकाया और उसे जबरन अपनी बाइक पर बैठा लिया।
शिवकुमार उसे एक सुनसान इलाके में ले गया। वहां चाकू की नोक पर उसके साथ छेड़खानी करने की कोशिश की। महिला ने शोर मचाया जिसके बाद शिवकुमार उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गया। महिला ने बताया कि वह व्यक्ति उसके घर पर राजगीर मिस्त्री का काम कर चुका है और नवलपुरा में अपने ससुराल में रहता है।
पुलिस ने दर्ज किया संबंधित धाराओं में मुकदमा थाना प्रभारी शिवपुर उदय वीर सिंह ने बताया कि, आरोपी सुसुवाही वृंदावन थाना लंका का निवासी है। महिला की तहरीर पर बीएनएस की धारा 74, 75, 115(2), 352, 351 (1) में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।