अपराध
वाराणसी में कुएं से मिला किन्नर का शव, हत्या का आरोप
वाराणसी के मिर्ज़ामुराद थाना क्षेत्र के पिलोरी गांव में एक कुएं से किन्नर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। खेतों में काम करने आए मजदूरों को कुएं से तेज दुर्गंध आने पर शक हुआ। जब उन्होंने कुएं में झांककर देखा, तो वहां एक शव पड़ा हुआ था। मृतक की पहचान चांदनी उर्फ चन्दन, निवासी खनाव, रोहनिया के रूप में हुई। उसकी पहचान उसके हाथ पर बने नाम वाले टैटू से की गई।
मृतक के भाई श्याम सुंदर ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि शहनाज़ नामक किन्नर ने एक कार्यक्रम के बहाने चांदनी को बुलाया था, जिसके बाद से वह लापता था। श्याम सुंदर का दावा है कि शहनाज़ और उसके साथियों ने मिलकर चांदनी की हत्या कर दी और शव को पिलोरी गांव के कुएं में फेंक दिया।
सूचना मिलते ही घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम के साथ एडीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल, मिर्जामुराद थाना प्रभारी अजय वर्मा और पुलिस बल पहुंचे। मिर्जापुर पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और जांच में सहयोग दिया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
