अपराध
चोरी के सामान के साथ दो अभियुक्त गिरफ्तार
चंदौली। जनपद की सदर कोतवाली पुलिस ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय मोड़ के पास से चोरी के गहनों के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के पास से 63 हजार कीमत के आभूषण भी बरामद किया है। कोतवाली पुलिस ने दोनों को विभिन्न धाराओं में निरूद्ध कर जेल भेज दिया है।
इस बाबत सदर कोतवाल गगनराज सिंह ने बताया कि वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के रमना शिवगंगा कालोनी निवासी डॉ. अंकित त्रिपाठी वर्तमान समय में पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला संयुक्त अस्पताल में नियुक्त हैं। वह जिला अस्पताल परिसर से सटे नहर मोड़ के पास एक किराए के मकान में रहते हैं। बीते 3 सितंबर से वह छुट्टी पर थे। इस बीच 13 सितंबर की रात उनके मित्र कमालपुर ग्राम निवासी आकाश वर्मा और बिहार सिवान जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के अमवारी ग्राम निवासी अमृत सिंह रूम देखने पहुंचे तो कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर देखा तो सब सामान बिखरा पड़ा था।
इसकी जानकारी मकान मालिक को हुई तो उसने 112 नंबर पर चोरी की सूचना दिया। दूसरे दिन सुबह पीड़ित डॉ. कमरे पर पहुंचा तो पता चला कि एक सोने की चैन, दो सोने अंगुठी, एक जोड़ी चांदी का पायल, चांदी का एक जोड़ा छररा एवं एक लैपटाप गायब है। भुक्तभोगी ने इस संबंध में 15 सितंबर को चोरी की लिखित तहरीर दिया। पुलिस चोरों तलाश में जुटी थी जिन्हे गहनों के साथ डीएम कार्यालय मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त सदर कोतवाली के पुटियां निवासी अश्वनी उर्फ पिंटू और अनुज उर्फ चिरंजीवी के पास से करीब 40 हजार रुपए के चैन 8 हजार और 15 हजार कीमत के दो अंगूठी बरामद हुआ है।
