वाराणसी
नानी की लापरवाही से नाती बिछड़ा, चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार की तत्परता से सकुशल बरामद
वाराणसी (रोहनिया)। मोहनसराय में एक महिला अपने नाती को ऑटो रिक्शा में छोड़ कर फल खरीदने लगी। बच्चे को ऑटो में मौजूद अन्य महिलाओं का बच्चा समझ कर ऑटो ड्राइवर आगे बढ़ गया। महिला ऑटो रिक्शा वाले पर बच्चे को लेकर भागने का आरोप लगाने लगी। रोहनिया थाने की पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से ऑटो का पीछा किया तो चालक बच्चे को लेकर कैंट रेलवे स्टेशन के पास खड़ा मिला। पुलिस ने बच्चे को लेकर महिला को सौंपा तो उसने आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, विमौरी की रहने वाली हीरावती देवी अपने चार साल के नाती आदित्य कुमार के साथ ऑटो रिक्शा में बैठकर उसके घर केशरीपुर जा रही थी। मोहनसराय में फल खरीदने के लिए वह ऑटो से उतरी तो आदित्य उसी में ही बैठा रहा। इतने में ऑटो रिक्शा वाला चल पड़ा। हीरावती देवी शोर मचाने लगी और 112 नंबर पर सूचना दी कि हमारे नाती को ऑटो चालक लेकर भाग गया है।
बच्चे को लेकर ऑटो ड्राइवर खड़ा था कैंट स्टेशन पर
पुलिस ने वाहन चेकिंग के साथ-साथ जब सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया। तब पता चला कि ऑटो रिक्शा शहर की तरफ गया है। चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार कैंट स्टेशन पहुंचे तो ऑटो चालक आदित्य को लेकर खड़ा था। उसने बताया कि ऑटो में और भी महिलाएं बैठी थीं। उसने सोचा कि बच्चा उन्हीं का है।
