वाराणसी
वाराणसी-दिल्ली वंदे भारत के यात्रियों के लिए खुशखबरी
भारतीय रेलवे ने दिवाली और छठ पर्व से पहले वाराणसी से दिल्ली के बीच चलने वाली दोनों वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में कोचों की संख्या बढ़ाने के फैसले पर मुहर लगा दी है। वंदे भारत ट्रेनों में कोच बढ़ाने से त्योहारों के दौरान घर जाने वाली भीड़ को कुछ हद तक कम करने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चल रही दोनों वंदे भारत ट्रेन एक्सप्रेस ट्रेन अब 20-20 कोच की होंगी। एनसीआर ने इसका नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है। ट्रेन नंबर 22435-22436 वाराणसी-नई दिल्ली में 17 सितंबर और ट्रेन नंबर 22415-22416 में 18 सितंबर से 20 कोच होंगे।

बता दें कि, हर साल दिवाली, भैयादूज और छठ के मौके पर ट्रेनों में यूपी, बिहार और झारखंड जाने वाले लाखों की संख्या में यात्रियों की स्टेशन से लेकर ट्रेनों तक भारी भीड़ देखी जाती है। महीनों पहले ट्रेनों की टिकट बुक कराने के बावजूद अंतिम समय तक सीटों के लिए मारामारी जारी रहती है।
इसी को देखते हुए रेलवे प्रशासन हर साल भीड़ को काबू करने और यात्रियों को सहूलियत पहुंचाने के लिए नए-नए प्रयास करता रहता है। इसमें जहां कुछ ट्रेनों कोच बढ़ाए जाते हैं तो वहीं दूसरी ओर कुछ रूटों पर छठ और दिवाली स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जाती है, ताकि सभी लोग सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से अपने घर जा सकें। अब नई दिल्ली वाराणसी रूट पर संचालित वंदे भारत में कोचों की संख्या बढ़ाये जाने से यात्रियों को काफी हद तक सहूलियत होगी।
