वाराणसी
वाराणसी में लाट भैरव मंदिर के पास नया कब्र बनाने पर विवाद
हिन्दू पक्ष के लोग आक्रोशित
वाराणसी। जनपद के आदमपुर थानान्तर्गत कज्जाकपुरा स्थित बाबा श्री लाट भैरव मंदिर के पीछे रेलवे लाईन के पास मुस्लिम पक्ष द्वारा पक्के नये कब्र का निर्माण कराया जा रहा है। नया कब्र बनते देख हिंदू समाज ने पुरजोर विरोध किया और मुस्लिम पक्ष से पक्के निर्माण को हटाने को कहा।
हिंदू समाज के लोगों ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि, इस पूरे परिसर में किसी प्रकार के नव निर्माण आदि पर कोर्ट द्वारा रोक लगा है। तो बेवजह माहौल खराब करने के उद्देश्य से नया कार्य क्यों कराया जा रहा है ? हिंदू पक्ष के लोगों ने पुलिस को सूचना दिया। सूचना मिलते ही लाट भैरव चौकी प्रभारी शुभेन्दु दीक्षित ने मौके पर पहुंच कर तत्काल आलाधिकारियों को सूचना दिया।

मौके पर भारी फोर्स के साथ थाना प्रभारी पहुंच कर दोनों पक्ष को शांत करा कर थाने पर बुलाया। दोनों पक्ष थाने पहुंचे और अपनी-अपनी बातों को रखा। हिन्दू पक्ष ने कोर्ट के आदेश को पुलिस को दिखाया। पुलिस के समझाने के बाद निर्माणाधीन कब्र को विवादित जगह से हटाने पर सहमति बनी।
पुलिस ने तत्काल मौके पर फोर्स के साथ पहुंच कर जेसीबी मशीन से नये पक्के कब्र को हटाया। पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता एवं सेतू निगम के कथनानुसार कज्जाकपुरा फ्लाईओवर के निर्माण कार्य के दौरान कब्र बीच में आ रहा था। जिससे पाइलिंग निर्माण नहीं हो पा रहा था।
