राष्ट्रीय
भारत 2036 में ओलंपिक्स के आयोजन की तैयारी को लेकर उत्सुक: नरेंद्र मोदी

स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी ने किया देशवासियों को किया संबोधित
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस की 78वीं वर्षगांठ पर पीएम मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने लगातार 11वीं बार लाल किले पर झंडा फहराया। इसी के साथ उन्होंने लाल किले से राष्ट्र को संबोधित किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। इस बार खास बात यह है कि पेरिस ओलंपिक 2024 में हिस्सा लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों को भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बतौर अतिथि आमंत्रित किया गया।
‘भारत माता की जय’ के साथ पीएम मोदी ने लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि जन-जन की सेवा करना हमारा संकल्प है। जन जन की सेवा से विकसित भारत बनाएंगे। हमने देश को नया आत्मविश्वास दिया। अगली पीढ़ी पर काम नहीं टाल सकते। आज आजादी के दीवानों को नमन करने का दिन है। स्वतंत्रता सेनानियों का तहे दिल से नमन है। पीएम ने अपने भाषण में 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को दोहराया। पीएम ने कहा कि सुधारों का सिलसिला कायम रखते हुए आम जनजीवन की रोजमर्रा की जिंदगी को आसान करना है।

उन्होंने कहा कि भारत 2036 में ओलंपिक्स के आयोजन की तैयारी कर रहा है। पीएम मोदी ने भारत की प्रगति में बाधा पहुंचाने वाले तत्वों के प्रति भी देशवासियों को आगाह किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को भारत की तरक्की सुहा नहीं रही है। उन्होंने विदेश में बैठी भारत विरोधी शक्तियों को समझाने की कोशिश की कि भारत की समृद्धि में विश्व का हित है, ना कि नुकसान।
इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। जय हिंद!